कोरोना अपडेट: एक दिन में 96 हजार ठीक, सक्रिय मरीज करीब 4 हजार घटे
सुमन कुमार
देश में कोरोना के सक्रिय मरीजों की संख्या 10 लाख के पार बनी हुई है। हालांकि शुक्रवार को देश में सक्रिय मरीजों की संख्या में कुछ कमी आयी है। दूसरी ओर देश में एक दिन में कोरोना से ठीक होने वालों की संख्या पहली बार एक लाख के करीब पहुंच गई है। हालांकि मृतकों की संख्या एक बार फिर 12 सौ को पार कर गयी है। आंध्र प्रदेश, कर्नाटक, महाराष्ट्र, यूपी जैसे कोरोना से सबसे प्रभावित राज्यों में सक्रिय मरीजों की संख्या पिछले दिन के मुकाबले कम हुई है। सबसे अधिक कमी आंध्र और कर्नाटक में दर्ज की गई है। आंध्र प्रदेश में 24 घंटे में 3774 सक्रिय मरीज कम हुए हैं वहीं कर्नाटक में ये संख्या में 2502 है। यूपी और महाराष्ट्र में क्रमश: 410 और 862 सक्रिय मरीज कम हुए हैं।
देश में क्या है मरीजों की स्थिति
स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय के आंकड़ों के अनुसार शुक्रवार की देर रात तक भारत में कोरोना वायरस के कुल एक्टिव पीड़ितों की संख्या घटकर 10,13,964 रह गई है। दूसरी ओर ठीक हो चुके मरीजों का आंकड़ा 42 लाख के पार है। देश में 42,08,431 लोग कोरोना को मात देने में कामयाब हुए हैं। जहां तक देश में कुल कोरोना संक्रमित हुए लोगों का सवाल है तो देश में 53,08,021 कुल संक्रमित अब तक सामने आए हैं। ताजा आंकड़ों के मुताबिक इस संक्रमण से पूरे देश में 85,619 लोगों की मौत हो चुकी है यानी कुल मरीजों में 1.61 प्रतिशत को बचाया नहीं जा सका है। देश में कोरोना को मात देने वालों का आंकड़ा 79.28 प्रतिशत पहुंच गया है जबकि एक्टिव मरीजों की संख्या घटकर 19 प्रतिशत के करीब (19.10) रह गयी है। पिछले 24 घंटे में 95880 लोगों ने कोरोना को हराने में कामयाबी पायी है।
वैसे देश में कोरोना के नए मरीजों का आंकड़ा शुक्रवार को 94 हजार के करीब रहा है। 24 घंटे में कोरोना मृतकों की संख्या 12 सौ से ऊपर पहुंच गयी है। पूरे देश में शुक्रवार को 93337 नए कोरोना मरीज सामने आए हैं। नए मरीजों की संख्या के मामले में महाराष्ट्र में डरावनी तस्वीर बनी हुई है। राज्य में एक दिन में 21656 नए मरीज सामने आए हैं जो कि पूरे देश के नए मामलों का करीब 23 प्रतिशत है। यही नहीं, राज्य में एक दिन में 440 लोगों की कोरोना से मौत हो गई है जो कि देश में एक दिन में कोरोना से होने वाली कुल मौतों का करीब 35 प्रतिशत है। पूरे देश में एक दिन में 1247 लोगों की कोरोना से मौत हुई है।
बात अगर देश की राजधानी दिल्ली की करें तो यहां पिछले 24 घंटे में नए मरीजों की संख्या 4127 रही है। कुल नए मरीजों का करीब 75 प्रतिशत हिस्सा देश के सिर्फ 10 राज्यों में सिमटा है जबकि करीब 96 प्रतिशत हिस्सा देश के 20 राज्यों में सिमटा है। कर्नाटक में 8626, आंध्र प्रदेश में 8096, यूपी में 6494, तमिलनाडु में 5488, केरल में 4167, ओडिशा में 4180, छत्तीसगढ़ में 3842, बंगाल में 3192, पंजाब में 2801, मध्य प्रदेश में 2552, असम में 2509, हरियाणा में 2488, तेलंगाना में 2123, राजस्थान में 1817, झारखंड में 1478, गुजरात में 1410, जम्मू एवं कश्मीर में 1330 और बिहार में 1167 नए मरीज सामने आए हैं।
देश में कितने टेस्ट
देश में कोरोना के टेस्ट की संख्या में शुक्रवार को भारी गिरावट आई। शनिवार को भारतीय आयुर्विज्ञान अनुसंधान परिषद (आईसीएमआर) द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार देश में 24 घंटे में 8 लाख 81 हजार 911 टेस्ट हुए हैं जबकि देश में कुल टेस्ट की संख्या छह करोड़ 24 लाख 54 हजार 254 पहुंच गयी है।
पढ़ें- कोरोना वायरस की हर जानकारी और मदद के लिए यहां देखें राज्यवार हेल्पलाइन नंबर
किस राज्य में कितनी मौतें
स्वास्थ्य मंत्रालय की वेबसाइट पर शनिवार को अपडेट किए गए डाटा के अनुसार देश में पिछले 24 घंटे में कोरोना से 1247 मौतें हुई हैं। कुल मौतों में से 35 प्रतिशत अकेले महाराष्ट्र में जबकि करीब 73 प्रतिशत मौतें सिर्फ 6 राज्यों में हुई हैं। महाराष्ट्र में 440, कर्नाटक में 179, यूपी में 98, आंध्र प्रदेश में 67, तमिलनाडु में 67 और पंजाब में 62 मौतें हुई हैं। शेष करीब 27 प्रतिशत मौतें देश के 23 राज्यों में हुई हैं। इनमें से बंगाल में 59, पुडुचेरी में 31, दिल्ली में 30, मध्य प्रदेश में 24, हरियाणा में 23, छत्तीसगढ़ में 17, गुजरात में 16, राजस्थान में 15, जम्मू कश्मीर में 15, ओडिशा में 13, हिमाचल प्रदेश में 13, झारखंड में 12, केरल में 12, असम में 12, तेलंगाना में 9, गोवा में 8, त्रिपुरा में 7, बिहार में 4, चंडीगढ़ में 4, उत्तराखंड में 4, सिक्किम में 2, लद्दाख में 2, मणिपुर में 1 और मेघालय में 1 मौत हुई है।
इसे भी पढ़ें-
Comments (0)
Facebook Comments (0)